उप्र: सांसद पप्पू यादव के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई शुरू, दो गवाहों के बयान दर्ज

Ads

उप्र: सांसद पप्पू यादव के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई शुरू, दो गवाहों के बयान दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 06:47 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 06:47 PM IST

प्रयागराज, 25 अगस्त (भाषा) बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ प्रयागराज की एक अदालत में मंगलवार को मुकदमे की सुनवाई शुरू हो गयी और वादी की ओर से पेश दो गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पप्पू यादव के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दायर करने वाले अधिवक्ता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधि विभाग के प्रदेश सह-संयोजक सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को दो गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

मिश्रा के अधिवक्ता अंबिकेश्वर मिश्रा के मुताबिक, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पप्पू यादव को 11 अगस्त को अदालत में पेश होने का आदेश दिया था लेकिन वह तय तारीख पर हाजिर नहीं हुए।

उन्होंने बताया कि तीन सितंबर को अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद अदालत अपना निर्णय सुना सकती है।

इससे पहले, चार अगस्त को वादी सुशील कुमार मिश्रा की ओर से दाखिल शिकायत पर अदालत ने संसद भवन परिसर में पप्पू यादव द्वारा साधु-संतों की वेशभूषा में कथित तौर पर चंदा चोरी का नाटक किए जाने के मामले का संज्ञान लिया था।

मिश्रा का आरोप है कि संसद में चंदा चोरी का दृश्य प्रस्तुत किए जाने से सनातन धर्म, साधु-संतों, पुजारियों और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक प्रतीकों और साधु-संतों की पारंपरिक वेशभूषा का इस्तेमाल राजनीतिक प्रदर्शन के लिए किया गया।

मिश्रा ने इसे ‘‘कूटरचित अभिनय’’ बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रदर्शन से समाज में धार्मिक विद्वेष और तनाव उत्पन्न होने की आशंका है।

बीते दिनों विपक्षी सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर के दान से संबंधित कथित अनियमितताओं को लेकर संसद परिसर में प्रतीकात्मक नुक्कड़ नाटक किया था। नाटक के दौरान पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र पहनकर मंदिर के पुजारी का रूप धारण किया और दानपात्र से पैसे निकालने का अभिनय किया था।

विपक्षी नेताओं ने इसे मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन बताया था।

भाषा राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र