एटा, छह मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो विवाहित महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और जांच जारी है।
पहली घटना अवागढ़ थाना क्षेत्र के यादव नगर से सामने आई, जहां 28 वर्षीय महिला साधना का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और श्वान दस्ते को भी बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, साधना की शादी उसी इलाके के रहने वाले अमित कुमार से हुई थी।
थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं रिजोर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहित महिला रीता ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुलिस ने बताया कि रीता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि रीता की शादी करीब तीन साल पहले यशपाल से हुई थी।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र