देहरादून, 18 मार्च (भाषा) उत्तराखंड सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र के दो निगमों के प्रबंध निदेशकों (एमडी) को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। इसके साथ ही प्रदेश में पिछले 20 दिनों में ऊर्जा क्षेत्र के तीन निगमों के प्रबंध निदेशकों को हटाया जा चुका है।
पद से हटाए गए दोनों प्रबंध निदेशक सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार के तहत काम कर रहे थे।
प्रदेश के उर्जा विभाग की प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम के मंगलवार रात जारी आदेश के अनुसार उत्तराखंड ऊर्जा निगम लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। उन्हें राज्य सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था।
कुमार की जगह यूजेवीएनएल में यमुना वैली प्रथम में महाप्रबंधक गजेंद्र सिंह बुदियाल को यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है जो इस पद पर नियमित नियुक्ति होने तक काम करेंगे।
इसी प्रकार, यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद पर सेवानिवृत्त होने के बाद तीस जून 2024 से दो वर्ष के सेवा विस्तार पर काम कर रहे संदीप सिंघल को भी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।
यूजेवीएन लिमिटेड में भागीरथी वैली के महाप्रबंधक पद का दायित्व देख रहे अजय कुमार सिंह को वर्तमान दायित्वों के साथ ही अग्रिम आदेशों तक यूजीवीएनएल के प्रबंध निदेशक पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने इसके अलावा, यूपीसीएल में निदेशक (परियोजना) के पद पर सेवा विस्तार पर काम कर रहे अजय कुमार अग्रवाल को भी तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया।
इससे पहले 27 फरवरी को सरकार ने प्रकाश चंद्र ध्यानी को पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पद से हटा दिया था ।
भाषा दीप्ति
जोहेब
जोहेब