उत्तराखंड : केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन, आवागमन बंद

Ads

उत्तराखंड : केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन, आवागमन बंद

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 12:08 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 12:08 PM IST

रुद्रप्रयाग, 22 जुलाई (भाषा) भारी बारिश के दौरान बुधवार सुबह केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन होने से उस पर आवागमन बाधित हो गया । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

अधिकारियों के मुताबिक, केदारनाथ पैदल मार्ग पर गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे, छोड़ी के समीप भूस्खलन हुआ जहां पत्थर एवं मलबा आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया ।

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि भूस्खलन की सूचना मिलते ही तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है ।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर मार्ग से मलबा हटाने और उस पर आवागमन सुचारु करने के काम में जुट गयी हैं ।

रजवार ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और मौके पर जिला आपदा प्रबंधन बल तथा पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं सुरक्षा कार्यों में लगी हैं । उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उनकी सेवाएं ली जा सकें ।

अधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें । उन्होंने कहा कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही पुनः शुरू की जाएगी ।

भाषा सं दीप्ति सिम्मी मनीषा

मनीषा