Uttarakhand News: देवभूमि में विकास की बहार.. CM धामी ने किया 291 करोड़ रुपये के योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

Uttarakhand News: देवभूमि में विकास की बहार.. CM धामी ने किया 291 करोड़ रुपये के योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

Uttarakhand News

Modified Date: January 9, 2024 / 11:02 am IST
Published Date: January 9, 2024 11:02 am IST

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पर रोड-शो किया, तो जन-सैलाब सड़कों पर उमड़ आया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित हजारों महिलाओं ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस आयोजन के जरिए जहां लोगों ने उत्तरकाशी जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरओं के विविध रूप-रंगों का साक्षात्कार किया वहीं यह आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और जिले के विकास के लिए भी अत्यधिक महतपूर्ण साबित हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में शिरकत करने के साथ ही रू. 291 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिनमें रू. 189 करोड़ की लागत से यूजेवीएन लिमिटेड के तिलोथ विद्युतगृह के नवीनीकरण, उच्चीकरण एवं पुनरोद्धार (आर.एम.यू.) कार्य का लोकार्पण भी सम्मिलित है।

TATA Group Lakshadweep: लक्ष्यद्वीप में अब ताज ब्रांडेड रिसॉर्ट और होटल.. टाटा समूह 2026 तक काम पूरा करने की तैयारी में

महिला सशक्तिकरण को समर्पित ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तरकाशी पहॅुचने पर पेट्रोल पंप-बस स्टैंड से लेकर भटवाड़ी रोड, भैरव चौक, कोर्ट रोड, हनुमान चौक होते हुए रामलीला मैदान तक रोड-शो आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाड़ाहाट क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता को भी शीश नवाया और माँ शक्ति और बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य व देश की प्रगति व खुशहाली की कामना की। डेढ कि.मी. से अधिक दूरी तक आयोजित इस रोड-शो में नगरवासियों के साथ ही जिले के कोने-कोने से आये लोगों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का हर्षोल्लास के साथ भव्य स्वागत किया। रोड शो में पारंपरिक पहनावों से सजी ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं के जत्थे और लोक-कलाकारों की सांस्कृतिक झांकी आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहे। ढोल-दमाऊ व रंणसिंगे जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों से रोड-शो में हर कोई झूमता-थिरकता नजर आया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर उत्तरकाशी जिले का समृद्ध सांस्कृतिक वैभव अपने अद्भुत अंदाज में सड़क पर उमड़ आया। मुख्यमंत्री धामी उत्तरकाशी के इस अनूठे सांस्कृतिक वैविध्य से अभिभूत नजर आए और उन्होंने खुद आम लोगों व कलाकारों पर फूल बरसाते हुए परंपराओं के प्रति अपने अनुराग को अभिव्यक्त भी किया।
रोड-शो संपन्न होने पर मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में बद्री गाय की पूजा अर्चना कर ‘विकसित भारत विकसित ग्राम‘ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्टॉलो का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया और विभिन्न योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।

New Sports Ministry: मुख्यमंत्री का ऐलान.. अलग होगा खेल मंत्रालय, जारी किया जाएगा अलग बजट भी

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट‘ नेशन अवार्ड में देश में दूसरे स्थान का सम्मान पाने वाले लाल धान की जानकारी ली। महिला किसानों ने मुख्यमंत्री को लाल धान की बाली भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गिंज्याली (मूसल) थामकर पारंपरिक ओखली में महिलाओं के साथ लाल धान की कुटाई की तथा लाल धान के चिवड़ा बनाने की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डुंडा और बगोरी क्षेत्र के पारंपरिक ऊन उत्पादकों से भेंट कर ऊनी ऊन बुनाई व कताई के बारे में जानकारी ली और चरखा भी चलाया। मुख्यमंत्री ने ऊन की कताई कर पारंपरिक ऊनी वस्त्रों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रू. 291 करोड़ 75 लाख की लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिनमे उत्तरकाशी जिले के विकास से जुड़ी रू. 57 करोड़ 38 लाख की लागत की 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 45 करोड़ 37 लाख की लागत की 38 योजनाओं का लोकार्पण तथा रू. 189 करोड़ की लागत के यूजेवीएन लिमिटेड के तिलोथ विद्युतगृह के नवीनीकरण, उच्चीकरण एवं पुनरोद्धार (आर.एम.यू.) कार्यों का लोकार्पण भी सम्मिलित है।

Follow the IBC24 News channel on WhatsApp

IBC24 की अन्य बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें


लेखक के बारे में

A journey of 10 years of extraordinary journalism.. a struggling experience, opportunity to work with big names like Dainik Bhaskar and Navbharat, priority given to public concerns, currently with IBC24 Raipur for three years, future journey unknown