ऋषिकेश, एक सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक होटल में 16 वर्षीय लड़की की पिटाई और दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ऋषिकेश थाने के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के निवासी सूफियान के रूप में हुई है।
बिष्ट ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई थी।
उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को हरिद्वार में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें 30 अगस्त को हुई इस घटना के समय खींचे गए पीड़िता फोटो और वीडियो मिले।
बिष्ट ने बताया कि आरोपी से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि घटना के दौरान नाबालिग पीड़िता को होटल में उचित पहचान और सत्यापन के बिना तथा रजिस्टर में आवश्यक प्रविष्टि किए बगैर प्रवेश दिया गया था।
उन्होंने कहा कि होटल प्रबंधन ने घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को कोई सूचना नहीं दी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा आरोपी से पूछताछ के दौरान पीड़िता को होटल से बाहर ले जाते समय सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने की बात भी सामने आई।
उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर होटल प्रबंधक वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
बिष्ट ने कहा कि पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं लगाई गई हैं।
बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने मामले में सुफियान, गुप्ता और अग्रवाल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि होटल का लाइसेंस रद्द कराने के लिए ऋषिकेश के उप जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
सं भाषा जोहेब
जोहेब