उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल में कार के खाई में गिरने से एक महिला की मौत, चार घायल

Ads

उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल में कार के खाई में गिरने से एक महिला की मौत, चार घायल

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 05:33 PM IST

पौड़ी गढ़वाल, 10 मई (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में रविवार को एक कार के सड़क से फिसलकर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सभी लोग रुद्रप्रयाग में एक शादी समारोह से देहरादून लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे दैहलचौरी के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार खाई में गिर गई।

सूचना मिलने पर श्रीनगर थाने की पुलिस बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर कार में सवार पांचों लोगों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अनीता भट्ट को श्रीकोट स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृत महिला देहरादून की निवासी थीं। अन्य चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।

घायलों की पहचान चालक रोहित थपलियाल (24), रश्मि देवी (45), सुधा देवी (54) और सुमन बिष्ट (26) के रूप में हुई है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश