उत्तरकाशी, 24 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के मौके पर 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजबर 35 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
श्री यमुनोत्री मंदिर समिति ने बताया कि धाम के खुलने के समय का मुहूर्त यमुना जयंती के पर्व पर यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में विधि विधान से पंचांग गणना के बाद निकाला गया।
इस दौरान, श्री यमुनोत्री मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित समाज और पंच पंडा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
यमुनोत्री के साथ ही गंगोत्री धाम के कपाट भी अक्षय तृतीया के पर्व पर ही 19 अप्रैल को दोपहर सवा 12 बजे खुलेंगे।
गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चार धाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी।
बदरीनाथ धाम के कपाट, जहां 23 अप्रैल को सुबह सवा छह बजे खुलेंगे, वहीं केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल को सुबह आठ बजे खोले जाएंगे।
भाषा सं दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र