वी डी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

Ads

वी डी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 10:36 AM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 10:36 AM IST

(फोटो के साथ)

तिरुवनंतपुरम, 18 मई (भाषा) केरल में वी डी सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां कांग्रेस विधायक दल के नेता को पद की शपथ दिलाई।

सतीशन ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली।

सतीशन के अलावा उनके 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को भी राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाई जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।

कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, वामपंथी नेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रतिनिधि भी समारोह में शामिल हुए।

इस कार्यक्रम के लिए केरल भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य की राजधानी पहुंचे।

केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे, जिनके परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 102 सीट जीतीं, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 35 और भाजपा को तीन सीट मिलीं।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा