हजारों यूडीएफ कार्यकर्ता नई कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे

Ads

हजारों यूडीएफ कार्यकर्ता नई कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 10:14 AM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 10:14 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 18 मई (भाषा) केरल की राजधानी सोमवार को मानो सफेद रंग के समंदर में तब्दील हो गई जब राज्य भर से हजारों यूडीएफ कार्यकर्ता और समर्थक नयी सरकार के शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के लिए तिरुवनंतपुरम पहुंचे।

राज्य विधानसभा चुनाव में करीब एक दशक बाद वामपंथी शासन को हटाकर सत्ता में आई कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राज्य भर से हजारों कार्यकर्ता तिरुवनंतपुरम पहुंचे हैं।

सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह के लिए बनाया गया पवेलियन यूडीएफ कार्यकर्ताओं और समर्थकों से खचाखच भरा हुआ है। सफेद खादी की कमीज और ‘मुंडू’ पहने ये कार्यकर्ता विभिन्न गठबंधन सहयोगी दलों के झंडे लहराते और गठबंधन के पक्ष में नारे लगाते दिखे।

उमस भरे मौसम के बावजूद बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं।

कई अन्य लोग जिन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं मिल पाया था वे भी बड़ी संख्या में स्टेडियम के आसपास एकत्रित हुए।

कई लोगों ने पत्रकारों से कहा कि वे ‘‘अपने गठबंधन को सत्ता में वापस देखने के लिए 10 साल से इंतजार कर रहे थे’’ और उन्होंने दावा किया कि यह एक बेहतर सरकार होगी।

एक समर्थक ने कहा, ‘‘10 साल बाद यूडीएफ सरकार की सत्ता में वापसी से हर कांग्रेस कार्यकर्ता में नयी ऊर्जा आ जाएगी।’’

लोगों ने पवेलियन के अंदर और बाहर बज रहे ढोल की थाप पर नृत्य भी किया और अपने गठबंधन की सत्ता में वापसी का जश्न मनाया।

सुबह आठ बजे से ही पार्टी नेता, निर्वाचित विधायक और सांसद एक के बाद एक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते नजर आए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के मद्देनजर राज्य की राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

बड़ी संख्या में अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) और यूडीएफ समर्थकों के तिरुवनंतपुरम आने के मद्देनजर यातायात की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

राजधानी तिरुवनंतपुरम में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक यातायात और पार्किंग नियम लागू हैं।

केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे और परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीट, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने 35 सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीट जीतीं।

विधायकों को 21 मई को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद 22 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। सदन में राज्यपाल का औपचारिक अभिभाषण 29 मई को निर्धारित है और राज्य का बजट पांच जून तक पेश किए जाने की संभावना है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव