आंबेडकर की प्रतिमा के अनादर को लेकर वाल्मीकि संगठनों ने ‘बंद’ का आह्वान किया

Ads

आंबेडकर की प्रतिमा के अनादर को लेकर वाल्मीकि संगठनों ने ‘बंद’ का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 04:09 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 04:09 PM IST

लुधियाना, नौ सितंबर (भाषा) पंजाब के लुधियाना में जालंधर बाईपास चौक स्थित डॉ. बी. आर. आंबेडकर प्रतिमा का कुछ अज्ञात लोगों ने अनादर किया जिसके बाद विभिन्न वाल्मीकि संगठनों के सदस्यों ने बुधवार को लुधियाना बंद का आह्वान किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार शाम की है जिससे वाल्मीकि समुदाय में भारी रोष फैल गया।

‘बंद’ के आह्वान के बाद लुधियाना में कई स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

विभिन्न वाल्मीकि संगठनों के सदस्यों ने बुधवार को प्रतिमा के पास धरना दिया और जालंधर बाईपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के एक हिस्से को अवरुद्ध कर दिया।

यातायात जाम होने से दिल्ली और जालंधर की ओर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई, जिससे राजमार्ग के दोनों ओर ट्रकों, बसों, कारों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे फंसे रहे।

एक ट्रक चालक ने बताया कि वह एक कारखाने में सामान पहुंचाने जा रहा था, लेकिन अब जाम में फंसा है। बस से अमृतसर जा रहे एक यात्री ने कहा कि वह मार्ग खुलने का इंतजार कर रहा है।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

भाषा खारी नरेश

नरेश