हाथी माधुरी को कोल्हापुर लौटाने की अनुमति देने वाले आदेश का पालन करेगा वंतारा
हाथी माधुरी को कोल्हापुर लौटाने की अनुमति देने वाले आदेश का पालन करेगा वंतारा
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) गुजरात के जामनगर में रिलायंस समूह द्वारा संचालित पशु बचाव और पुनर्वास केंद्र वंतारा ने शुक्रवार को कहा कि वह उच्चाधिकार प्राप्त समिति के उस आदेश का पालन करेगा, जिसमें हाथी माधुरी को कोल्हापुर लौटाने की अनुमति दी गई है। हालांकि, केंद्र ने जोर दिया कि माधुरी की पुरानी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उसे लगातार चिकित्सा देखभाल और निगरानी की जरूरत है।
वंतारा ने एक बयान में कहा कि कोल्हापुर में महादेवी के नाम से जानी जाने वाली माधुरी को 30 जुलाई, 2025 को उच्चाधिकार प्राप्त समिति के निर्देशों का पालन करते हुए वंतारा लाया गया था। इन निर्देशों को मुंबई उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय ने भी बरकरार रखा था।
बयान में कहा, “वंतारा ने उसकी अभिरक्षा की मांग नहीं की थी। उसे वहां लाया गया और उसकी देखभाल की गई, क्योंकि ऐसा करने का निर्देश दिया गया था।”
उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने नौ सितंबर, 2026 को सभी पक्षों की दलीलें सुनने, रिपोर्ट मांगने और नंदानी स्थित उस परिसर का निरीक्षण करने के बाद माधुरी को कोल्हापुर लौटाने की अनुमति दी, जहां उसे रखा जाना है।
वंतारा ने कहा कि शुरू से ही उसका रुख पशु चिकित्सा विज्ञान और माधुरी के कल्याण पर आधारित रहा है। उसने कहा कि लगातार उपचार से माधुरी की हालत स्थिर हुई है, लेकिन उसकी पुरानी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं, जिनके लिए उपचार और नियमित चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता है।
बयान के अनुसार, वंतारा ने कहा कि माधुरी के कोल्हापुर लौटने के बाद भी उसकी जिम्मेदारी जारी रहेगी। वंतारा ने माधुरी के वहां रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, दवाओं और उसके स्थानांतरण से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था करने में मदद की है।
वंतारा ने कहा कि उसके पशु चिकित्सक हर पखवाड़े कोल्हापुर में माधुरी की जांच करेंगे और उच्चाधिकार प्राप्त समिति के निर्देशानुसार सक्षम अधिकारियों को इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


