वेणुगोपाल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों पर राज्य स्तरीय समन्वय समिति के साथ विस्तृत चर्चा की

वेणुगोपाल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों पर राज्य स्तरीय समन्वय समिति के साथ विस्तृत चर्चा की

वेणुगोपाल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों पर राज्य स्तरीय समन्वय समिति के साथ विस्तृत चर्चा की
Modified Date: November 29, 2022 / 11:27 pm IST
Published Date: November 29, 2022 11:27 pm IST

जयपुर, 29 नवम्बर (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की राजस्थान में तैयारियों पर मंगलवार को विस्तृत चर्चा की।

वेणुगोपाल ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति के ‘वॉर रूम’ में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की राज्य स्तरीय समन्वय समिति के साथ बैठक की और यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर प्रतिपुष्टि (फीडबैक) ली।

इस राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और समिति के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।

डोटासरा ने वेणुगोपाल को यात्रियों के ठहरने, परिवहन, भोजन, जनसभाओं के लिए स्थान आदि सहित यात्रा की व्यवस्था के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में यात्रा सफल होगी और यात्रा के लिए सभी नेता और कार्यकर्ता तैयार हैं।

डोटासरा ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों को लेकर तंबू की व्यवस्था, भोजन की व्यवस्था, परिवहन के लिए की गई तैयारियों की जानकारी प्रदान की तथा आश्वस्त किया कि पूरे भारत में राजस्थान चरण की यात्रा सर्वश्रेष्ठ होगी।

बैठक में सभी नेताओं ने एकजुटता के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को सफल बनाने व राहुल गांधी के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए संकल्प लेते हुए कहा कि इस यात्रा की सफलता के साथ ही 2023 में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार पुनः बनाने के लिए कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता संकल्पित है।

बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के सभी नेताओं से आह्वान किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होने पर अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए लिए अपना-अपना योगदान प्रदान करें तथा प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को अभूतपूर्व बनाने के लिए कोई कसर ना छोड़ें।

यात्रा चार दिसंबर को मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करेगी। प्रवेश स्थल झालावाड़ होगा। यह यात्रा प्रदेश में करीब 15 दिनों तक रहेगी।

भाषा कुंज नोमान

नोमान


लेखक के बारे में