नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा तथा दिन में बहुत हल्की बारिश होने की भी संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने कहा कि रविवार को भी मौसम की स्थिति ऐसी ही रह सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में यह 23.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 25.8 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शनिवार को दिन के दौरान और रविवार को बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली में कई स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।’’
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार सुबह नौ बजे 89 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के एक्यूआई पैमाने के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
भाषा प्रचेता राजकुमार
राजकुमार