कोच्चि, नौ सितंबर (भाषा) वरिष्ठ पत्रकार जीजो जॉन पुथेझाथ का संक्षिप्त बीमारी के बाद बुधवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक पुथेझाथ मलयाली दैनिक मलयाला मनोरमा की कोच्चि इकाई में विशेष संवाददाता के पद पर कार्यरत थे।
पत्रकारिता करियर के दौरान उनकी कई खोजी रिपोर्ट प्रकाशित हुईं। उन्हें वर्ष 2015 में रामनाथ गोयनका पुरस्कार और वर्ष 2020 में मलयाला मनोरमा का चीफ एडिटर्स गोल्ड मेडल प्रदान किया गया था।
केरल प्रेस अकादमी से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले पुथेझाथ ने पढ़ाई पूरी करने के तुरंत बाद मलयाला मनोरमा से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने अपने शोक संदेश में कहा कि बुधवार सुबह कार्यालय जाते समय उन्होंने पुथेझाथ की खबर पर उनका नाम (बायलाइन) पढ़ा था और मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन से लौटने पर उनके निधन की जानकारी मिली।
सतीशन ने कहा, ‘‘पुथेझाथ अब हमारे बीच नहीं हैं, इस सच्चाई को स्वीकार करने में मुझे कुछ समय लगा।’’
उन्होंने कहा कि पुथेझाथ की कई खोजी खबरों ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी एक बयान जारी कर पुथेझाथ के निधन पर शोक व्यक्त किया।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश