वाइस एडमिरल विनीत मैककार्टी ने अंडमान एवं निकोबार कमान के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला
वाइस एडमिरल विनीत मैककार्टी ने अंडमान एवं निकोबार कमान के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला
श्री विजय पुरम, एक जून (भाषा) वाइस एडमिरल विनीत मैककार्टी ने सोमवार को भारत की एकमात्र त्रि-सेवा कमान, अंडमान एवं निकोबार कमान (एएनसी) के 20वें कमांडर-इन-चीफ के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
नौसेना में एक जुलाई, 1989 को कमीशन प्राप्त करने वाले वाइस एडमिरल मैककार्टी तोपखाने और मिसाइल युद्ध विशेषज्ञ हैं, जिनके पास परिचालन, स्टाफ, प्रशिक्षण और त्रि-सेवा जिम्मेदारियों सहित 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नयी दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र, मैककार्टी आईएनएस दिल्ली के पहले चालक दल का हिस्सा थे और उन्होंने अग्रिम पंक्ति के विध्वंसक पोत पर कई विशेषज्ञ पदों पर कार्य किया।
अपने नौसैनिक करियर के दौरान, उन्होंने गश्ती पोत आईएनएस अजय, मिसाइल कोरवेट आईएनएस खंजर और स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस शिवालिक की कमान संभाली है।
उनके प्रमुख प्रशिक्षण और स्टाफ पदों में भारतीय नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण कमांडर और पूर्वी नौसेना कमान के मुख्यालय में कमान योजना अधिकारी के रूप में कार्य करना शामिल है। नौसेना मुख्यालय में, उन्होंने कमोडोर नौसेना योजना के रूप में कार्य किया।
बयान मे कहा गया कि 2020 में फ्लैग रैंक में पदोन्नत होने के बाद, वाइस एडमिरल मैककार्टी ने कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया, जिनमें सहायक नौसेना प्रमुख (स्टाफ आवश्यकताएं), नियंत्रक कार्मिक सेवाएं शामिल हैं।
भाषा प्रशांत संतोष
संतोष

Facebook


