उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर पहुंचे

Ads

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर पहुंचे

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 08:37 PM IST

श्रीनगर, 25 फरवरी (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन कश्मीर घाटी की अपनी पहली यात्रा पर बुधवार शाम श्रीनगर पहुंचे और इस दौरान वह कश्मीर विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति के शाम करीब पांच बजे हवाई अड्डे पर पहुंचने पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति का काफिला यहां लोक भवन पहुंचा, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।

राधाकृष्णन बृहस्पतिवार को यहां कश्मीर विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे और पदभार संभालने के बाद कश्मीर की अपनी पहली यात्रा में सभा को संबोधित करेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि उपराष्ट्रपति की यात्रा के लिए यहां शहर के हजरतबल इलाके में विश्वविद्यालय परिसर सहित एक व्यापक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

आतंकवादी खतरों से निपटने के लिए कड़ी सतर्कता बरतते हुए, संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पूरी घाटी में जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है।

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त जांच चौकियां स्थापित की गई हैं, खासकर शहर के आसपास और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अहम सड़कों पर गश्त बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि शहर के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर, खासकर विश्वविद्यालय की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह स्थल अर्थात कश्मीर विश्वविद्यालय को जोड़ने वाली कई सड़कों पर यातायात परिवर्तन करने संबंधी एक सार्वजनिक सलाह जारी की है।

मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने बुधवार को उपराष्ट्रपति की कश्मीर यात्रा का स्वागत किया।

अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘छात्र उनसे अपनी डिग्री और पदक प्राप्त करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली यात्रा है और हम उनका स्वागत करते हैं।’

उपराज्यपाल सिन्हा दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे, वह कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति भी हैं जबकि मुख्यमंत्री अब्दुल्ला जो इसके सम कुलपति हैं, सम्मानित अतिथि के रूप में दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 59,558 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 44,910 स्नातक, 13,545 स्नातकोत्तर, 461 एमडी/एमएस, चार एमसीएच, 18 एम.फिल और 620 पीएचडी डिग्री शामिल हैं।

भाषा शोभना माधव

माधव