उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन छह सितंबर से पूर्वोत्तर के चार राज्यों का दौरा करेंगे

Ads

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन छह सितंबर से पूर्वोत्तर के चार राज्यों का दौरा करेंगे

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 07:44 PM IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन रविवार से पूर्वोत्तर के चार राज्यों के दौरे पर जाएंगे जहां वह कई सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

उनके कार्यालय ने शनिवार को बताया कि राधाकृष्णन छह से नौ सितंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश का दौरा करेंगे।

बयान में कहा गया कि इस दौरान उपराष्ट्रपति विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व वाले संस्थानों का दौरा भी करेंगे।

राधाकृष्णन छह सितंबर को गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां वह गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। यह कॉलेज पहले कन्या महाविद्यालय के नाम से जाना जाता था।

इसके बाद वह श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

उपराष्ट्रपति सात सितंबर को गुवाहाटी विश्वविद्यालय में विभिन्न योजनाओं की आधारशिला रखने से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय के सम्मेलन केंद्र में छात्रों, शिक्षकों और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद करेंगे।

इसके बाद वह मेघालय के शिलांग जाएंगे, जहां सोसो थाम सभागार में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

राधाकृष्णन आठ सितंबर को इंफाल जाएंगे। वहां वह मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे।

बयान के अनुसार, इसके बाद नौ सितंबर को वह ईटानगर जाएंगे, जहां अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे और विधानसभा दीर्घा-सह-संग्रहालय का दौरा करेंगे।

वह ईटानगर में न्येदार नामलो, जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और दिव्यांग श्रवण एवं दृष्टिबाधित बच्चों के प्रति समर्पित डोनी पोलो मिशन स्कूल का भी दौरा करेंगे।

भाषा संतोष धीरज

धीरज