उपराष्ट्रपति 22 सितंबर को ‘भारत अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह’ का उद्घाटन करेंगे
उपराष्ट्रपति 22 सितंबर को 'भारत अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह' का उद्घाटन करेंगे
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन बुधवार को यहां नौवें ‘भारत अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह’ का उद्घाटन करेंगे। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जलवायु-अनुकूल जल प्रबंधन पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
जल शक्ति मंत्रालय इस कार्यक्रम का आयोजन प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, अनुसंधान एवं शैक्षणिक संस्थानों, उद्योग निकायों, विकास साझेदारों, नागरिक समाज और निजी क्षेत्र के साझेदारों के सहयोग से कर रहा है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 22 से 26 सितंबर तक आयोजित होने वाले ‘जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन’ कार्यक्रम में नीति निर्माता, वैश्विक जल क्षेत्र के नेता, विशेषज्ञ, शोधकर्ता, क्षेत्र में काम करने वाले लोग, उद्योग जगत, नागरिक समाज और युवा पेशेवर एक मंच पर आएंगे। इसका उद्देश्य उभरती जल चुनौतियों से निपटने और जल-सुरक्षित तथा जलवायु अनुकूल भविष्य की दिशा में संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार और साझेदारी को बढ़ावा देना है।
इसमें नीदरलैंड और जर्मनी साझेदार देशों के रूप में भाग लेंगे, जबकि 14 राज्य साझेदार राज्यों के तौर पर हिस्सा लेंगे। केंद्र-राज्य सहयोग और विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए छह केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों को भी साझेदार मंत्रालयों एवं विभागों के रूप में आमंत्रित किया गया है।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप

Facebook


