लक्ष्मी नगर में 10 लाख रुपये की लूट में पीड़ित का बेटा ही निकला ‘मास्टरमाइंड’

लक्ष्मी नगर में 10 लाख रुपये की लूट में पीड़ित का बेटा ही निकला ‘मास्टरमाइंड’

लक्ष्मी नगर में 10 लाख रुपये की लूट में पीड़ित का बेटा ही निकला ‘मास्टरमाइंड’
Modified Date: April 1, 2026 / 10:18 pm IST
Published Date: April 1, 2026 10:18 pm IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में दो नकाबपोश बदमाशों द्वारा हवा में गोलियां चलाकर एक शख्स से 10 लाख रुपये लूटने के मामले में पीड़ित के बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने बुधवार को दी।

अधिकारी ने बताया कि पीड़ित का बेटा ही इस वारदात का ‘मास्टरमाइंड’ (मुख्य षड्यंत्रकर्ता) है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान तवलीन उर्फ रेहत (21), मोहित कुमार तिवारी (22) और पंकज (22) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि इन सभी को सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के बाद पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना 31 मार्च को पीसीआर से मिली थी, जिसके बाद लक्ष्मी नगर थाने में एक मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया था और टीम ने संदिग्धों का पता लगाने के लिए इलाके और आसपास के मार्गों के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

अधिकारी ने कहा, ‘जांच के दौरान शिकायतकर्ता का बेटा तवलीन मुख्य संदिग्ध के रूप में उभरा और उसे मुखर्जी नगर से उस समय पकड़ा गया जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।’

अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच में खुलासा हुआ कि तवलीन ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक शानदार जीवनशैली के लिए आसानी से पैसा हासिल करने के उद्देश्य से लूट की साजिश रची थी।

पुलिस ने बताया कि अपराध के बाद मोहित और पंकज आनंद विहार से एक निजी बस में सवार होकर बिहार की ओर भाग गए थे। पुलिस ने बताया कि तकनीकी जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और लखनऊ टोल प्लाजा पर उसे रोक लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि लूट की पहले से साजिश रची गई थी। अपराध में इस्तेमाल किए गए स्कूटर को तवलीन चला रहा था, जबकि पीछे बैठे मोहित ने पीड़ित को डराने के लिए दो गोलियां चलाई थीं। पंकज अपराध की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में सक्रिय रूप से शामिल था।’

पुलिस ने बताया कि जांच में यह भी पता चला कि मोहित ने अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बिहार के मुंगेर से 45,000 रुपये में खरीदी थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लूटी गई नकदी के साथ-साथ अपराध में इस्तेमाल किया गया स्कूटर भी बरामद कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि हथियार बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी तवलीन के आवास पर एकसाथ रह रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और मामले में की जांच जारी है।

भाषा नोमान अमित

अमित


लेखक के बारे में