तिरुवनंतपुरम, 27 फरवरी (भाषा) केरल उच्च न्यायालय द्वारा फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड’ की रिलीज पर रोक लगाने के आदेश का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि यह फिल्म राज्य के सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक ताने-बाने को बदनाम करने की मंशा से बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने ‘फेसबुक’ पोस्ट में कहा कि केरल को बदनाम करने के लिए दुष्प्रचार के प्रयास के खिलाफ अदालत का हस्तक्षेप सराहनीय है। उन्होंने याचिकाकर्ताओं को भी बधाई दी और समय पर कानूनी हस्तक्षेप के लिए उनकी सराहना की।
विजयन ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर पूरे राज्य का अपमान करना और ध्रुवीकरण करना लोकतांत्रिक समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब केरल को चरमपंथियों की भूमि के रूप में प्रस्तुत करने के प्रयास किए जा रहे हैं, तब यह हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह विवेकपूर्ण ढंग से सच का समर्थन करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घृणा फैलाने वाले कृत्यों के खिलाफ कानूनी उपाय करना एक अनुकरणीय कदम है। उन्होंने लोगों से केरल की धर्मनिरपेक्ष तथा भाईचारे की सामाजिक संरचना को कमजोर करने वाली शक्तियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि केरल उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने बृहस्पतिवार को फिल्म ‘द केरल स्टोरी-2 गोज बियॉन्ड’ की रिलीज पर रोक लगा दी थी।
फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने इस आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय की खंडपीठ में अपील दायर की, जिस पर बृहस्पतिवार रात सुनवाई हुई। इस मामले में निर्णय शुक्रवार को आने की उम्मीद है।
भाषा मनीषा सुरभि
सुरभि