लखीमपुर खीरी (उप्र), 14 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर सरकारी जमीन पर उनकी प्रतिमा लगाने की कोशिश के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार भीड़ के उग्र होने और प्रशासन से टकराव के बाद स्थिति हिंसक हो गई।
पुलिस द्वारा स्थिति को शांत करने के प्रयासों के बावजूद भीड़ ने पथराव और आगजनी शुरू कर दी।
हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और हल्का बल प्रयोग करके स्थिति काबू में की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय ने बताया कि विवाद सरकारी जमीन पर आंबेडकर की प्रतिमा लगाए जाने और दूसरे पक्ष के विरोध के कारण उत्पन्न हुआ, जिससे तनाव और अशांति फैल गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके भीड़ को तितर-बितर कर दिया और स्थिति पर काबू पा लिया।
अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बहाल हो गई है और अब स्थिति सामान्य है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब