‘वायरल’ मोनालिसा ने प्रेमी से विवाह के बाद अपने नाबालिग होने की खबरों को गलत बताया

Ads

'वायरल' मोनालिसा ने प्रेमी से विवाह के बाद अपने नाबालिग होने की खबरों को गलत बताया

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 03:47 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 12 मार्च (भाषा) पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा भोसले ने यहां अपने प्रेमी से शादी करने के बाद बृहस्पतिवार को कहा कि उनके नाबालिग होने की खबरें ‘फर्जी और गलत’ हैं।

यहां के एक मंदिर में एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने के एक दिन बाद दी मोनालिसा ने यह प्रतिक्रिया दी है।

मोनालिसा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘मैं 18 वर्ष की हूं।’

मोनालिसा भोसले के पति ने कहा, ‘वह 18 वर्ष से अधिक की हैं। वरना हमारी शादी का पंजीकरण कैसे संभव होता। उसके नाबालिग होने संबंधित सभी खबरें फर्जी और गलत हैं। कृपया उन पर विश्वास न करें।’

दंपति से यह पूछने पर कि क्या वे केरल में ही रहने का इरादा रखते हैं तो पति ने कहा कि यह उनकी पत्नी की इच्छा पर निर्भर करता है। मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल पसंद है और वह यहीं रहना चाहती हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है जबकि दूसरी फिल्म पर काम चल रहा है।

मोनालिसा के पति ने कहा कि वे छह महीने पहले एक फिल्म में कलाकारों की चयन प्रक्रिया के दौरान मिले थे और उसी दौरान उन्हें प्यार हो गया था।

इस जोड़े ने बुधवार को पूवार के अरुमन्नूर स्थित नैनार मंदिर में विवाह किया।

इस अवसर पर केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन, सांसद ए. ए. रहीम तथा पार्टी के अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

मोनालिसा ने बताया कि उनके परिवार को उनका यह रिश्ता पसंद नहीं था और वे उन पर किसी अन्य व्यक्ति से विवाह करने का दबाव बना रहे थे।

दंपति बुधवार को थंपनूर पुलिस थाने पहुंचा और आरोप लगाया कि युवती के पिता उसे जबरन उसके गृहनगर वापस ले जाने की कोशिश कर रहे थे।

यह जोड़ा हाल ही में एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पास के पूवार पहुंचा था।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश