विवेक विहार अग्निकांड: विद्युत ओवरलोड और भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन की जांच कर

Ads

विवेक विहार अग्निकांड: विद्युत ओवरलोड और भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन की जांच कर

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 09:10 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक आवासीय भवन में लगी भीषण आग के मामले में जांचकर्ता आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए संभावित विद्युत ओवरलोड और भवन नियमों के कथित उल्लंघनों की जांच कर रहे हैं। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।

रविवार को चार मंजिला इमारत में लगी आग में एक बच्चे सहित नौ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अफरा-तफरी के माहौल के बीच कई अन्य लोगों को बचा लिया गया था।

सूत्रों ने बताया कि बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग और अपराध जांच दल आग लगने के सटीक कारण और घटना के समय इमारत में उपयोग हो रही बिजली के लोड का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने कहा, ‘‘हमें अभी तक एफएसएल रिपोर्ट नहीं मिली है। इस बीच, बिजली विभाग बिजली मीटर के स्वीकृत लोड की तुलना कर रहा है।’’

जांचकर्ताओं को संदेह है कि स्वीकृत सीमा से अधिक बिजली की खपत आग का कारण हो सकती है। पुलिस ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को पत्र लिखकर इमारत का संरचनात्मक निरीक्षण करने और जांच पूरी होने तक निवासियों को वहां रहने की अनुमति नहीं देने का अनुरोध किया है।

पुलिस ने नगर निगम से आसपास की इमारतों का निरीक्षण करके इसी तरह के सुरक्षा उल्लंघनों की पहचान करने को भी कहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने का सटीक कारण पता चलेगा। इस प्रक्रिया में समय लग सकता है।’’

आग कथित तौर पर इमारत के पिछले हिस्से से शुरू हुई और तेजी से ऊपर की ओर फैलते हुए पहली से चौथी मंजिल तक के फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया।

जांच से जुड़े पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग इमारत के पिछले हिस्से में दूसरी मंजिल पर बालकनी क्षेत्र से शुरू हुई और तेजी से अन्य फ्लैट में फैल गई।

अधिकारी ने बताया कि अपराध और फोरेंसिक दलों ने कई बार मौका मुआयना किया है। उन्होंने बताया कि मामले में तकनीकी जांच की जा रही है।

भाषा

अमित पवनेश

पवनेश