झारखंड के लातेहार में वांछित अपराधी गिरफ्तार
झारखंड के लातेहार में वांछित अपराधी गिरफ्तार
लातेहार, 11 फरवरी (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में 21 आपराधिक मामलों में वांछित एक युवक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में से एक आरोपी की पहचान आदेश गंझू (21) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि वह पहले माओवादी संगठन के एक अलग गुट तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) से जुड़ा हुआ था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गंझू अपने साथियों के साथ बरियातू थाना क्षेत्र के पकुरुआ जंगल में गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा है।
गौरव ने संवाददाताओं से कहा, ‘सूचना के आधार पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया और इलाके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।’
उन्होंने कहा कि अन्य दो आरोपियों की पहचान उज्ज्वल कुमार (22) और सुभाष कुमार (21) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि उनके कब्जे से दो पिस्तौल, 35 कारतूस, टीएसपीसी से संबंधित दस्तावेज और पर्चे तथा दो मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।
गौरव ने बताया कि गंझू लातेहार, चतरा और हजारीबाग जिलों में रंगदारी, गोलीबारी और आगजनी से जुड़े 21 आपराधिक मामलों में वांछित था।
भाषा तान्या देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


