मादक पदार्थ से जुड़े आतंकवाद का खात्मा होने तक हम नहीं रुकेंगे: मनोज सिन्हा

मादक पदार्थ से जुड़े आतंकवाद का खात्मा होने तक हम नहीं रुकेंगे: मनोज सिन्हा

मादक पदार्थ से जुड़े आतंकवाद का खात्मा होने तक हम नहीं रुकेंगे: मनोज सिन्हा
Modified Date: May 25, 2026 / 08:06 pm IST
Published Date: May 25, 2026 8:06 pm IST

श्रीनगर, 25 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर में नार्को-आतंकवाद के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को बांदीपोरा में एक विशाल पदयात्रा का नेतृत्व किया ताकि इसके लिए जनसमर्थन जुटाया जा सके।

सिन्हा ने कहा, “45 दिन पहले मैंने यह संकल्प लिया था कि मैं न केवल तस्करों और नार्को-आतंकवाद के नेटवर्क को ध्वस्त करूंगा, बल्कि ऐसा आंदोलन भी शुरू करूंगा जो युवाओं को सशक्त बनाए और नशे से प्रभावित परिवारों की गरिमा बहाल करे।”

उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू कश्मीर एकजुट है, दृढ़ संकल्पित है और समाज को नशे से पूरी तरह मुक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “नार्को-आतंकवाद और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। यह तब तक नहीं रुकेगी जब तक जम्मू कश्मीर की पवित्र धरती से हर तस्कर खत्म नहीं हो जाता। हमारी एजेंसियों ने उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभूतपूर्व अभियान शुरू किया है। कोई भी मादक पदार्थ तस्कर या समाज को जहर देने वाला अब कानून की पहुंच से बाहर नहीं है।”

सिन्हा ने कहा कि अब तक छिपे हुए कई मादक पदार्थ नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है और उन्हें नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘हमने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जम्मू कश्मीर उन लोगों के लिए सुरक्षित पनाहगाह नहीं होगा जो दूसरों के कष्टों से लाभ कमाते हैं। मैं दृढ़ संकल्पित हूं कि हम इस धरती से हर नार्को-आतंकवादी और मादक पदार्थ तस्कर को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।’

उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार जल्द ही एक व्यापक पुनर्वास नीति लाएगी, जिससे नशे की लत में फंसे युवाओं को मुख्यधारा में लौटने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर उपराज्यपाल सिन्हा ने ‘वकार नॉलेज सेंटर’ का उद्घाटन किया, जो नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक पुनर्वास पहल है।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में