Weather Update Today/Image Source: symbolic
नई दिल्ली: Weather Update Today: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर अपना रंग बदल लिया है और इस बार मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में मौसम का मिज़ाज बदला हुआ नज़र आ रहा है। गुरुग्राम और मानेसर में तेज़ हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि, तेज़ आंधी-तूफान और मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। खासकर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में यह हवाएं तेज़ी से चल सकती हैं, जिससे ठंड और भी बढ़ने की संभावना है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
Weather Update Today: उत्तराखंड, कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है, और इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, इन इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में 3 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ ही मौसम विभाग ने 1 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
Weather Update Today: मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बदायूं, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल जैसे जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट है।
मौसम के इस बदलाव से तराई के इलाकों में सूरज के दर्शन दुर्लभ हो सकते हैं। साथ ही, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में Cold Day की स्थिति बनी रहेगी, जिससे दिन में भी ठिठुरन महसूस होगी। इन क्षेत्रों में ठंड के कारण नागरिकों को गर्म कपड़ों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे वज्रपात और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और मौसम की स्थिति के अनुसार खुद को सुरक्षित रखें।