पश्चिम बंगाल भाजपा ने विश्वविद्यालय में ‘राष्ट्र-विरोधी’ नारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

Ads

पश्चिम बंगाल भाजपा ने विश्वविद्यालय में ‘राष्ट्र-विरोधी’ नारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 09:00 PM IST

कोलकाता, छह सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि भाजपा विश्वविद्यालय परिसरों में प्रवेश नहीं करेगी, लेकिन राष्ट्र-विरोधी नारे लिखने वालों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।

यादवपुर विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों और आरएसएस से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच नारेबाजी और दीवारों पर लिखे नारों को लेकर विवाद तेज होने के बीच भट्टाचार्य ने यह टिप्पणी की।

विश्वविद्यालय में दीवारों पर लिखे नारों को बार-बार मिटाए जाने और फिर से लिखे जाने के बीच यह ताजा विवाद सामने आया है। प्रतिद्वंद्वी छात्र संगठन एक-दूसरे के नारों का जवाब नारों के जरिये दे रहे हैं।

उत्तर कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर भाजपा विश्वविद्यालय परिसरों में प्रवेश नहीं करेगी और उन्होंने परिसर के भीतर पुलिस के हस्तक्षेप की संभावना को भी खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर नारे लिख रहे हैं। हम उनसे बस इतना कहना चाहते हैं कि हम किसी भी परिसर या विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं करेंगे। पुलिस भी ऐसा नहीं करेगी।’’

हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि राष्ट्रहित के खिलाफ नारे लिखने वालों की पहचान की जाएगी और उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनकी पहचान की जाएगी। कदम उठाए जाने चाहिए… जो भी ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ लिखता है, उससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। अब पश्चिम बंगाल में इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश