पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु ने कई रथ यात्रा कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु ने कई रथ यात्रा कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
(फोटो सहित)
कोलकाता, 16 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को आयोजित विभिन्न रथ यात्रा समारोहों में हिस्सा लिया। उन्होंने कई मंदिरों की यात्रा की, धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए और भजन-कीर्तन व अन्य पूजा कार्यक्रमों में भाग लिया।
अधिकारी ने दिन की शुरुआत इस्कॉन कोलकाता की रथ यात्रा में शामिल होकर की, जहां उन्होंने उत्सव का उद्घाटन किया और भगवान जगन्नाथ को समर्पित भक्ति कीर्तन में साधुओं के साथ भाग लिया।
अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के साधुओं के अनुसार, कोलकाता रथ यात्रा के उद्घाटन समारोह में यह पहली बार हुआ, जब मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भक्ति कीर्तन में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले भी कोलकाता में इस्कॉन रथ यात्रा का उद्घाटन किया था, लेकिन भक्ति गीतों में अधिकारी की भागीदारी ने समारोह में एक नया आयाम जोड़ दिया।
बाद में, अधिकारी पूर्वी मेदिनीपुर जिले के तामलुक में सदियों पुराने महाप्रभु मंदिर गए, जहां उन्होंने रथ यात्रा का उद्घाटन किया और वैष्णव कीर्तन में इस्तेमाल होने वाला पारंपरिक वाद्ययंत्र खोल बजाया।
उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ हरे कृष्ण महामंत्र का जाप भी किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि इस उत्सव में उनकी भागीदारी राजनीति नहीं, बल्कि आस्था से प्रेरित है।
रथ यात्रा के रथ को औपचारिक रूप से रवाना करने से पहले अधिकारी ने कहा, ‘‘मेरे राजनीतिक विचारों, रास्ते या पद का यहां मेरी मौजूदगी से कोई संबंध नहीं है। मैं पिछले दस वर्षों से भी अधिक समय से एक श्रद्धालु के रूप में इस पारंपरिक रथ यात्रा में शामिल होता आ रहा हूं। मैं सनातनी हूं, भारत माता का पुत्र हूं, राधा-माधव का शिष्य हूं और खुद को भगवान जगन्नाथ का सेवक मानता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसी कारण मैं हर साल इस रथ यात्रा में भाग लेता हूं। मेरा इस परिवार से लंबे समय से जुड़ाव है और वे हर साल मुझे आमंत्रित करते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के मेचेदा में भी रथ यात्रा का उद्घाटन किया, जहां वार्षिक उत्सव के लिए हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश

Facebook


