मणिपुर में छह नगा नागरिकों की हत्या के मामले में एनआईए ने दो लोगों को गिरफ्तार किया

Ads

मणिपुर में छह नगा नागरिकों की हत्या के मामले में एनआईए ने दो लोगों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 10:16 AM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 10:16 AM IST

इंफाल, 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की अगुवाई में सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम ने शुक्रवार सुबह नगा समुदाय के छह लोगों की हत्या में शामिल होने के आरोप में दो लोगों को मणिपुर के कांगपोकपी जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, विश्वस्त सूचना के आधार पर मणिपुर पुलिस, एनआईए और सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की एक संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया था।

उसने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए शुक्रवार तड़के लेइलोन वाइफेई में अभियान शुरू किया गया। ये आरोपी नगा समुदाय के छह लोगों की हत्या में कथित तौर पर शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि कुकी-जो बहुल गांव से आयिंगबी नामक महिला और प्रदीप नाम के पुरुष को पकड़ा गया।

लेइलोन वैफेई गांव के पास 10 जून को छह नगा नागरिकों के शव मिले जिसके बाद नगा और मेइती समुदायों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।

नगा समूहों ने कांगपोकपी जिले के सभी रास्तों को भी बंद कर दिया था जिससे कुकी-जो बहुल जिले में जरूरी चीजों की कीमतों में भारी उछाल आया।

शव मिलने के कुछ दिनों बाद कुकी-जो काउंसिल (केजेडसी) के अध्यक्ष हेनलिएंथंग थांगलेट ने इस घटना के लिए माफी मांगी और मणिपुर में जारी जातीय संघर्ष से जुड़ी हिंसा की सभी घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं स्वीकार करता हूं कि कुकी-जो समुदाय के लोगों ने छह नगा नागरिकों की हत्या करके एक गंभीर गलती की है। यह भावनात्मक आवेश में किया गया था। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मुझे बहुत खेद है और मैं अपने समुदाय की ओर से माफी मांगता हूं।’’

हालांकि, एक दिन बाद, केजेडसी ने कहा कि थांगलेट के बयान के कुछ हिस्सों को ‘‘कुकी-जो समुदाय द्वारा घटना की जिम्मेदारी स्वीकार किए जाने’’ के रूप में गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया।

केजेडसी ने कहा कि अध्यक्ष द्वारा व्यक्त किया गया दुख पूरी तरह से मानवता, करुणा और नैतिक जिम्मेदारी की भावना से प्रेरित था और ‘‘इसका उद्देश्य सामूहिक दोषारोपण करना नहीं था’’।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी