पश्चिम बंगाल: मालदा हवाईअड्डे के प्रस्तावित विस्तार के लिए भूमि सर्वेक्षण शुरू
पश्चिम बंगाल: मालदा हवाईअड्डे के प्रस्तावित विस्तार के लिए भूमि सर्वेक्षण शुरू
मालदा, 16 जुलाई (भाषा) मालदा हवाईअड्डे के प्रस्तावित विस्तार के लिए भूमि सर्वेक्षण शुरू हो गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मालदा के जिलाधिकारी राजनवीर सिंह कपूर ने बताया कि यह सर्वेक्षण पश्चिम बंगाल के भूमि एवं भूमि सुधार विभाग और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मौजूदा समय में व्यावसायिक रूप से बंद पड़े हवाईअड्डे की 1,350 मीटर लंबी हवाई पट्टी को और करीब 1,150 मीटर तक बढ़ाने के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण शुरू किया गया है। इससे हवाईअड्डा बड़े विमानों का संचालन करने में सक्षम हो सकेगा।
कपूर ने कहा, ‘प्रस्तावित विस्तार का उद्देश्य बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराकर यात्रियों की आवाजाही आसान बनाना और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इससे व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसके बाद आगे तकनीकी मूल्यांकन और भूमि संबंधी अध्ययन किए जाएंगे।’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि संयुक्त सर्वेक्षण दल ने प्रस्तावित विस्तार के मार्ग का निरीक्षण किया और भूमि की आवश्यकता का प्रारंभिक आकलन किया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इसके लिए लगभग 58.85 एकड़ भूमि की जरूरत पड़ सकती है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


