नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि पूर्व सभापति जगदीप धनखड को विदाई कब दी जाएगी।
रमेश ने कहा कि अगले तीन महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया है, लेकिन अफसोस की बात है कि पूर्व सभापति धनखड़ के लिए ऐसा कोई समारोह आयोजित नहीं किया गया।
उच्च सदन में बुधवार को ऐसे सांसदों को विदाई दी गयी, जो अगले कुछ महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे सांसदों के विदाई भाषणों के बाद, रमेश ने सदन में कहा कि सेवानिवृत्त होने वालों को विदाई दी जा रही है, लेकिन पूर्व सभापति को नहीं।
रमेश ने कहा, ‘पिछले छह घंटे से यह विदाई कार्यक्रम चल रहा है। मेरा (संसदीय कार्य) मंत्री से सीधा और सरल प्रश्न है। हमने कई सांसदों को विदाई दी है। मैं पूछना चाहता हूं, आप पूर्व सभापति (धनखड़) को विदाई कब देंगे? आपने उन्हें अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया, लेकिन आप उनका विदाई समारोह क्यों नहीं आयोजित कर रहे हैं?’
हालांकि, उन्होंने पूर्व सभापति का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका संकेत जगदीप धनखड़ की ओर था जिन्होंने पिछले साल मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा के सभापति के पद से इस्तीफा दे दिया था।
बाद में, रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज राज्यसभा ने अगले तीन महीने में सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों को विदाई दी। यह लगभग 6 घंटे तक चला।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि 21 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त कर दिये गये पूर्व उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के (तत्कालीन) सभापति जगदीप धनखड़ के लिए आठ महीने बाद भी कोई विदाई समारोह नहीं हुआ है।’’
भाषा
अविनाश हक अविनाश सुभाष
सुभाष