तिरुवल्ला के स्पा में यौन हमले के लिए हमलावरों को पैसे दिये गये थे या नहीं, इसकी जांच होगी:पुलिस

Ads

तिरुवल्ला के स्पा में यौन हमले के लिए हमलावरों को पैसे दिये गये थे या नहीं, इसकी जांच होगी:पुलिस

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 08:49 PM IST

पथनमथिट्टा (केरल), सात फरवरी (भाषा) पथनमथिट्टा के जिला पुलिस प्रमुख ने शनिवार को कहा कि इस बात की जांच करायी जायेगी कि यहां एक स्पा की कर्मी पर जिस गिरोह ने कथित रूप से यौन हमला किया था, उसके लिए कहीं उसे पैसे तो नहीं दिये गये थे।

वह पत्रकारों को एक फरवरी को हुई घटना की जांच के बारे में जानकारी दे रहे थे। उस दिन ‘हिस्ट्री शीटर’ सुबिन अलेक्जेंडर के नेतृत्व में छह सदस्यीय गिरोह तिरुवल्ला के एक स्पा में घुस गया था तथा उसने चाकू का भय दिखाकर एक महिला कर्मचारी पर ‘यौन हमला’ किया था और पैसे मांगे थे।

पुलिस ने अलेक्जेंडर और उसके साथी बर्लिन दास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

पीड़िता और स्पा मालिक ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि उन्हें संदेह है कि शायद प्रतिद्वंद्वी फर्मों ने एलेक्जेंडर और उसके गिरोह को हमले को अंजाम देने के लिए पैसे दिये हों।

आनंद ने कहा, “हम उस पहलू की जांच करेंगे, क्योंकि स्पा मालिक का बयान पहले ही दर्ज किया जा चुका है। विस्तृत जांच जारी है।”

उनके अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एलेक्जेंडर ने पैसे की मांग की और मांग ठुकराए जाने पर उसने अपराध किया।

जिला पुलिस प्रमुख ने जांच में पुलिस की ओर से किसी भी प्रकार की चूक से इनकार किया।

उन्होंने कहा, “हमें विशेष शाखा से सूचना मिली, जिसे तुरंत तिरुवल्ला थाने को भेज दिया गया। पीड़िता द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराये जाने से पहले ही जांच शुरू कर दी गई थी।”

आनंद ने कहा कि घटना से पहले ही जिले में असामाजिक तत्वों से जुड़े पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी थी।

उन्होंने कहा कि तिरुवल्ला के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में शेष आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं और अलेक्जेंडर के खिलाफ केरल असामाजिक गतिविधि रोकथाम अधिनियम (केएएपीए) लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

भाषा

राजकुमार माधव संतोष

संतोष