अमृतपाल को क्यों पंजाब वापस नहीं लाया जा रहा है: मां
अमृतपाल को क्यों पंजाब वापस नहीं लाया जा रहा है: मां
चंडीगढ़, सात मई (भाषा) जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की मां ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा कि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत उनके बेटे की हिरासत समाप्त होने के बावजूद उन्हें असम से पंजाब वापस क्यों नहीं लाया जा रहा है।
मान ‘शुकराना यात्रा’ कर रहे हैं, जिसका आयोजन बेअदबी विरोधी कानून के कार्यान्वयन के लिए ‘कृतज्ञता’ के प्रतीक के रूप में किया गया है। इसी दौरान अमृतपाल की मां बलविंदर कौर मुख्यमंत्री के वाहन के करीब पहुंच गईं।
कौर को एक वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘मेरी बात एक मिनट सुनिए। आप भी एक मां के बेटे हैं। मैं अमृतपाल की मां हूं। एनएसए के तहत उनकी हिरासत समाप्त हो जाने के बावजूद आप अमृतपाल को पंजाब क्यों नहीं लाते?’’
अमृतपाल को अप्रैल 2023 में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया था, तब से वह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत अमृतपाल की हिरासत 22 अप्रैल को समाप्त होने के एक दिन बाद उन्हें 2023 के अजनाला थाने पर हमले के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। वह डिब्रूगढ़ जेल में ही हैं।
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने पिछले महीने पंजाब सरकार की याचिका के बाद निर्देश दिया था कि अमृतपाल इस मामले में अमृतसर की निचली अदालत के समक्ष वर्चुअल रूप से पेश होंगे।
‘वारिस पंजाब दे’ समूह के प्रमुख अमृतपाल को 23 फरवरी, 2023 को अजनाला थाने पर हमले के बाद पंजाब पुलिस ने एक महीने लंबे तलाशी अभियान के बाद 23 अप्रैल, 2023 को मोगा के रोडे गांव में गिरफ्तार किया था।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


