‘आप लोग इस मामले को खत्म क्यों नहीं होने देते?’ कंगना के साथ हुए विवाद पर तापसी का बयान

'आप लोग इस मामले को खत्म क्यों नहीं होने देते?' कंगना के साथ हुए विवाद पर तापसी का बयान

‘आप लोग इस मामले को खत्म क्यों नहीं होने देते?’ कंगना के साथ हुए विवाद पर तापसी का बयान
Modified Date: August 25, 2026 / 05:35 pm IST
Published Date: August 25, 2026 5:35 pm IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) अभिनेत्री-राजनेता कंगना रनौत के ताजा हमले के बीच अभिनेत्री तापसी पन्नू ने मंगलवार को मीडिया से दोनों के बीच कथित विवाद को लेकर सवाल पूछना बंद करने को कहा।

अपनी नयी नेटफ्लिक्स फिल्म ‘‘गांधारी’’ के ‘ट्रेलर लॉन्च’ कार्यक्रम में तापसी से कंगना की उनके बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर सवाल पूछा गया था।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप खत्म क्यों नहीं होने देते ये बात? कोई सवाल पूछना हम दोनों से बंद करेगा जब ये वाला, तो यह मुद्दा भी खत्म हो जाएगा।’’

तापसी ने कहा, ‘‘आप सब लोगों को मजा आ रहा है ये सब देख के, इसीलिए वही सवाल पूछ रहे हैं। ऐसे सवाल पूछना अगर आप बंद कर देते, तो यह बात कब की खत्म हो जाती।’’

दोनों अभिनेत्रियों के बीच कभी सीधे तौर पर कोई टकराव नहीं हुआ, लेकिन उनके बीच विवाद की शुरुआत 2019 में हुई थी, जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को कंगना की ‘‘सस्ती कॉपी’’ कहा था। यह टिप्पणी बाद में दोनों के बीच सार्वजनिक रूप से होने वाली बयानबाजी में बार-बार सामने आती रही।

बाद में यह विवाद भाई-भतीजावाद और कंगना द्वारा बॉलीवुड के कथित ‘‘मूवी माफिया’’ की आलोचना को लेकर बड़े मतभेद में बदल गया। दोनों अभिनेत्रियां समय-समय पर एक-दूसरे पर तंज कसती रही हैं।

हाल ही में एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में तापसी ने कंगना के साथ लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों पर बात करते हुए कहा था कि दोनों अभिनेत्रियां कभी मिली ही नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे नहीं मिली हूं। जब ये कथित मुद्दे शुरू हुए थे, तब भी मैं उनसे नहीं मिली थी। अब भी उनसे नहीं मिली हूं। उनके बारे में मेरी राय मेरी परवरिश और मेरे बात करने के तरीके और चीजों को देखने के मेरे नजरिये को दर्शाती है और उनका… वह अपने नजरिये पर कायम हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि सभी के लिए यह देखने और तय करने के लिए काफी है कि कौन कहां से आता है।’’

कंगना को तापसी की यह टिप्पणी पसंद नहीं आई और उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा करते हुए एक बार फिर तापसी को ‘‘सस्ती कॉपी’’ कहा।

कंगना ने लिखा, ‘‘एक सस्ती कॉपी अपनी आने वाली बी-ग्रेड फिल्म के साथ सामने आ गई है, लेकिन हमेशा की तरह मीडिया के लिए सुर्खियों में रहने वाली बात कंगना रनौत ही हैं। लेकिन आज उसने बेशर्मी से मेरी परवरिश/माता-पिता का मजाक उड़ाकर सारी हदें पार कर दीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सभी माता-पिता अपना सर्वश्रेष्ठ करते हैं और मैं कभी किसी बहस में माता-पिता को नहीं लाती, लेकिन आज मैं उसके माता-पिता से भी पूछना चाहती हूं कि वे मेरे माता-पिता की तरह किसी मौलिक व्यक्ति को जन्म क्यों नहीं दे सके? सस्ती कॉपी क्यों? आपकी कोशिशों को देखकर दुख होता है।’’

सोमवार को कंगना ने अभिनेता आशुतोष राणा, सोनू सूद और राखी सावंत के साथ तापसी की भी आलोचना की।

कंगना ने कहा, ‘‘मैं ऐसे लोगों को हर दिन देखती हूं, चाहे वह आशुतोष राणा हों, जो कहते हैं कि मैं कुत्ते की तरह भौंकती हूं, या सोनू सूद, जो कहते हैं कि मुझे व्यवहार करना सीखना चाहिए। राखी सावंत जैसे लोग, जो मेरे चरित्र को लेकर हर तरह की अश्लील टिप्पणियां करती हैं और तापसी पन्नू, जो लगातार मेरे माता-पिता, मेरी परवरिश और मेरी पृष्ठभूमि का अपमान करती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन लोगों के लिए मेरा संदेश है कि अगर आपने जिंदगी में मेरी सफलता का एक प्रतिशत भी हासिल नहीं किया है तो मैं आपकी कोई बात नहीं सुनूंगी।’’

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में