हालात को सामान्य करने के लिए प्रधान स्वयं इस्तीफा क्यों नहीं दे देते : चिदंबरम
हालात को सामान्य करने के लिए प्रधान स्वयं इस्तीफा क्यों नहीं दे देते : चिदंबरम
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने बुधवार को सलाह दी कि मौजूदा हालात को शांत करने के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को स्वेच्छा से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री की इस तरह की पहल को लोग एक ‘‘सम्मानजनक कदम’’ मानेंगे।
पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने स्पष्ट कर दिया है कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कोई समझौता नहीं हो सकता, लेकिन प्रधानमंत्री उनसे इस्तीफा मांगने को तैयार नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सोनम वांगचुक ने कहा है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर कोई समझौता नहीं हो सकता। हजारों छात्र और युवा सड़कों पर उतर आए हैं। माता-पिता और आम जनता ने छात्रों और दूसरे प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। कई प्रदर्शनकारियों ने परेशानी और चोटें सहने की इच्छा जताई है, और कई और भी ऐसा करेंगे। सांसदों ने इस मुद्दे पर संसद को बाधित किया है।’’
चिदंबरम ने पोस्ट में सवाल किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगने को तैयार नहीं हैं। ऐसे मुश्किल हालात में, शिक्षा मंत्री स्वयं आगे आकर स्वेच्छा से पद क्यों नहीं छोड़ सकते और स्थिति को क्यों नहीं संभाल सकते?’’
कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘कई लोग इस कदम को शिक्षा मंत्री के सम्मानजनक कार्य के तौर पर देखेंगे।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘ लोगों के अलग-अलग वर्गों की अलग-अलग राय के बावजूद, (शिक्षा मंत्री के) इस्तीफे से निश्चित रूप से स्थिति सामान्य हो जाएगी।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


