नयी दिल्ली, एक दिसंबर (भाषा ) कांग्रेस ने मिजोरम विधानसभा चुनाव की मतगणना तीन दिसंबर की जगह अब चार दिसंबर को कराए जाने के निर्वाचन आयोग के फैसले के बाद शुक्रवार को सवाल किया कि इतना सरल कदम उठाने में इतनी देरी क्यों क्यों हुई।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘मिजोरम चुनाव में भाग लेने वाले राजनीतिक दलों ने वहां मतगणना की तिथि तीन दिसंबर से चार दिसंबर करने के लिए कहा था। एक महीने से अधिक समय पहले प्रतिवेदन दिया गया था, लेकिन निर्वाचन आयोग चुप रहा। आज कुछ देर पहले ही इसकी तारीख आगे बढ़ाई गई है।”
उन्होंने सवाल किया, ‘इतना सरल और स्पष्ट कदम उठाने में देरी क्यों?’
निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना अब निर्धारित समय से एक दिन बाद यानी चार दिसंबर को होगी।
पहले मतगणना तीन दिसंबर (रविवार) को होनी थी। राज्य की सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए गत सात नवंबर को मतदान हुआ था।
भाषा हक माधव
माधव