वित्त राज्य मंत्री के जवाब को लेकर कांग्रेस का तंज: क्या उनकी नौकरी चली जाएगी

Ads

वित्त राज्य मंत्री के जवाब को लेकर कांग्रेस का तंज: क्या उनकी नौकरी चली जाएगी

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 08:10 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी द्वारा राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में भारत को दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताए जाने को लेकर मंगलवार को उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या अब उनकी नौकरी चली जाएगी।

दरअसल, चौधरी ने राज्यसभा में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अप्रैल 2026 के लिए अपने विश्व आर्थिक परिदृश्य में वर्ष 2025-26 के लिए भारत की सांकेतिक जीडीपी 3920 अरब अमेरिकी डॉलर होने का उल्लेख किया है, जिसके तहत भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

इसे लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘27 मई, 2025 को गांधीनगर में प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) ने कहा था कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। ग्यारह अगस्त, 2026 को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।’’

उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया, ‘‘क्या राज्य मंत्री की नौकरी चली जाएगी?’’

चौधरी ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को बताया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अप्रैल 2026 के लिए अपने विश्व आर्थिक परिदृश्य में वर्ष 2025-26 के लिए भारत की सांकेतिक जीडीपी 3920 अरब अमेरिकी डॉलर होने का उल्लेख किया है, जो भारत को दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाता है।’’

भाषा हक

हक सुरेश

सुरेश