चेन्नई, आठ जून (भाषा) चेन्नई में अपने पति की हत्या करने, उसके शव के टुकड़े करने और फिर अवशेषों को चेन्नई के अलग-अलग इलाके में ठिकाने लगाने के आरोप में एक महिला और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हत्या का मामला तब सामने आया जब पांच जून को पेरम्बूर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर सीढ़ियों के पास एक सूटकेस में पैक किया गया मानव धड़ मिला।
यात्रियों ने दुर्गंध की सूचना राजकीय रेलवे पुलिस को दी थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में तब सफलता मिली जब लावारिस सूटकेस के अंदर से एक मेडिकल अपशिष्ट निपटान बैग मिला, जिसमें एक क्षत-विक्षत पुरुष का धड़ था।
पीड़ित की पहचान असम निवासी 40 वर्षीय अमीर अली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि अली, उसकी पत्नी रुहीमा और उसका मित्र अशरफ अली सभी असम के निवासी थे और चेन्नई आने वाले बाहरी रोगियों की सहायता करके अपना जीवन यापन करते थे।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि घरेलू विवाद इस अपराध का कारण बना। बताया जाता है कि रुहीमा अपने पति के किसी अन्य महिला के साथ कथित संबंध से नाराज थी, जिसके कारण अक्सर झगड़े होते थे और हाल ही में अली ने उसे धमकी भी दी थी।
पुलिस ने कहा कि रुहीमा और अशरफ ने मिलकर साजिश रची और अली को बेहोश करने वाली दवा दी, जिसके बाद उन्होंने तेयनमपेट स्थित अपने घर में चाकू से अली का गला काट दिया।
अपराध को छिपाने के लिए, दोनों ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और अवशेषों को शहर भर में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच और पूछताछ के दौरान रुहीमा के बयानों में विसंगतियों के कारण उसकी गिरफ्तारी हुई।
शव के धड़ को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी किलपॉक मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि पीड़ित के कटे हुए सिर और शरीर के अन्य लापता अंगों को बरामद करने के लिए गहन तलाश अभियान जारी है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष