एसआईआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम ‘विचाराधीन’ श्रेणी में देखकर महिला ने आत्महत्या की

Ads

एसआईआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम 'विचाराधीन' श्रेणी में देखकर महिला ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 07:53 PM IST

कोलकाता, नौ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक महिला विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद हाल ही में प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम विचाराधीन श्रेणी में देखकर इतना व्यथित हो गई कि उसने सोमवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

इस मतदाता सूची में महिला का नाम ‘विचाराधीन’ के रूप में दर्ज था, लेकिन उसके दो बेटों के नाम सूची से गायब थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बदुरिया उपमंडल के पश्चिम चांदीपुर गांव में हुई।

उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय रीना रानी कुंदू के रूप में हुई है। रीना के परिवार के सदस्यों के अनुसार, एसआईआर के बाद हाल ही में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुंदू का नाम ‘विचाराधीन’ के रूप में दिखाया गया है, जबकि उनके बेटे शुभदीप और सौमेन के नाम सूची में शामिल नहीं थे।

निर्वाचन आयोग द्वारा 28 फरवरी को जारी मतदाता सूची में 60 लाख से अधिक मतदाताओं को ‘विचाराधीन’ श्रेणी में रखा गया था। आयोग द्वारा नियुक्त न्यायिक अधिकारी वर्तमान में गणना प्रपत्रों की ‘तार्किक विसंगतियों’ को लेकर जांच कर रहे हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा,‘‘मतदाता सूची संबंधी समस्याओं के कारण वह पिछले कुछ दिनों से बेहद चिंतित थीं।’’ उन्होंने कहा कि महिला ने सोमवार दोपहर कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा कि घटना के समय उसके दोनों बेटे मतदाता सूची से जुड़ी स्पष्टता के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रखंड विकास अधिकारी कार्यालय गए हुए थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू की गई है।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश