रांची, 14 अप्रैल (भाषा) झारखंड के रांची जिले में जन्मदिन की पार्टी में एक व्यक्ति ने पहले एक महिला दंत चिकित्सक को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना नौ अप्रैल की है, जब पीड़ित महिला(25) लालपुर थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में अपने एक पुरुष मित्र के जन्मदिन समारोह में गई थी।
पुलिस ने बताया कि मेजबान के एक मित्र ने कथित तौर पर महिला का यौन उत्पीड़न किया।
लालपुर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी रूपेश कुमार सिंह ने कहा, ‘‘पीड़िता के बयान के आधार पर हमने 13 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता की चिकित्सा जांच की जा चुकी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।’’
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि पार्टी में उसे नशीला पदार्थ पिलाकर पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में दुष्कर्म किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (एमडीएस) की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश