झारखंड के सरायकेला-खरसावां में संदिग्ध परिस्थितियों में इमारत से गिरकर युवती की मौत

Ads

झारखंड के सरायकेला-खरसावां में संदिग्ध परिस्थितियों में इमारत से गिरकर युवती की मौत

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 05:51 PM IST

सरायकेला (झारखंड), 27 अगस्त (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इलाके में बृहस्पतिवार को एक रिहायशी इमारत की पांचवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर 18 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। वह अपार्टमेंट में पहुंची थी और उसने सुरक्षा गार्ड से कहा था कि वह पांचवीं मंजिल पर रहने वाले एक परिवार से मिलना चाहती है।

थोड़ी देर बाद, फ्लैट के निवासियों को जोर से किसी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी। जब वे नीचे भागे, तो उन्होंने युवती को खून से लथपथ पड़ा देखा।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मृतका की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबहिनी इलाके की निवासी के रूप में की और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।

उसने कहा कि घटना के कारण और मंशा का पता लगाने के लिए सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है।

यह पूछे जाने पर कि क्या यह आत्महत्या का मामला है, पुलिस ने यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन हम सभी संभावित कोणों से इसकी जांच कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रहे हैं।’

भाषा सुमित नरेश

नरेश