जैसलमेर में 90 फीसदी झुलसी महिला की जोधपुर अस्पताल में मौत, पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप

जैसलमेर में 90 फीसदी झुलसी महिला की जोधपुर अस्पताल में मौत, पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप

जैसलमेर में 90 फीसदी झुलसी महिला की जोधपुर अस्पताल में मौत, पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
Modified Date: August 11, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: August 11, 2026 7:58 pm IST

जैसलमेर, 11 अगस्त (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर में 90 फीसदी झुलसी 30 वर्षीय महिला की जोधपुर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला के पति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।

पुलिस ने बताया कि घटना रविवार को जैसलमेर की रानीसर कच्ची बस्ती में हुई और महिला की पहचान कमला के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, महिला को गंभीर हालत में जैसलमेर के जवाहर अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बेहतर उपचार के लिए उसे जोधपुर भेज दिया गया।

महिला की सोमवार को महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि महिला के पति प्रकाश ने शुरू में कहा था कि कमला ने खुद को आग लगा ली थी।

जैसलमेर के कोतवाली थाना प्रभारी सूरजाराम जाखड़ ने बताया कि पुलिस को इस दावे पर संदेह हुआ और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘दंपति घर के बाहर सो रहे थे और मौके पर केवल उनका बिस्तर जला हुआ मिला। कमला के साथ सो रहे प्रकाश को कोई चोट या जलने के निशान नहीं थे।’’

थानाधिकारी ने बताया, ‘‘अगर महिला ने खुद को आग लगाई होती तो उसे बचाने के प्रयास में दोनों के झुलसने की संभावना थी।’’

पुलिस के अनुसार, घटना के समय दंपति के चार वर्ष और करीब डेढ़ वर्ष की उम्र के दो बच्चे अपने दादा-दादी के साथ सो रहे थे।

कमला के भाई भोमाराम ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया कि प्रकाश ने उसकी बहन पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि नौ वर्ष पहले प्रकाश से शादी होने के बाद से ही कमला को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और उसे पीटा जाता था।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में