गुरुग्राम में थार चालक महिला ने घरेलू सहायिका को कुचला, मौत
गुरुग्राम में थार चालक महिला ने घरेलू सहायिका को कुचला, मौत
गुरुग्राम, 15 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम की एक सोसाइटी में महिला चालक ने पार्किंग क्षेत्र में सो रही एक घरेलू सहायिका पर अपनी थार गाड़ी कथित तौर पर चढ़ा दी। इसके बाद उक्त चालक घरेलू सहायिका को अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद उसका शव वापस लाकर दुर्घटना स्थल पर रख दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुग्राम सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है और वह उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहने वाली थी।
पुलिस के मुताबिक, गुड्डी सोसाइटी के एक फ्लैट में काम खत्म करने के बाद भूतल कार पार्किंग में सो रही थी। पुलिस ने बताया कि उसी इमारत में रहने वाली एक महिला अपनी थार कार को पीछे कर रही थी, तभी वाहन गुड्डी के ऊपर चढ़ गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद महिला चालक वाहन से बाहर निकली और घायल गुड्डी को एक अन्य वाहन से एक निजी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद महिला चालक शव को वापस सोसाइटी लेकर आई और उसे उसी स्थान पर रख दिया, जहां दुर्घटना हुई थी।
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है।
मृतका के भतीजे का आरोप है कि शव को दोबारा पार्किंग में लाकर रख दिया गया और चालक ने किसी को भी इसके बारे में जानकारी नहीं दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने चालक महिला के घर के बाहर इकट्ठा होकर हंगामा किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
भाषा शुभम अमित
अमित

Facebook


