जम्मू, 26 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक निर्माणाधीन पुलिया ढह जाने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य श्रमिक घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना गंडोह तहसील के भलेसा क्षेत्र स्थित घिल नाला में उस समय हुई जब निर्माण कार्य के दौरान ढांचा अचानक भरभराकर ढह गया।
उन्होंने बताया कि मलबे में दबने से एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत बाहर निकाला गया और उपचार के लिए डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश घायल मजदूर बिहार के प्रवासी श्रमिक हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और नागरिक प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में, मंगलवार को डोडा में प्रेम नगर के पास पुनेजह से ठठेरी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से लगभग 15 यात्री घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन कथित तौर पर सड़क से फिसलकर एक सुरक्षा दीवार से टकरा गया। उन्होंने बताया कि उक्त दीवार की वजह से वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
भाषा अमित माधव
माधव