फरीदाबाद के घर में महिला का शव फंदे से लटका मिला
फरीदाबाद के घर में महिला का शव फंदे से लटका मिला
फरीदाबाद, एक जून (भाषा) फरीदाबाद के सेक्टर-7 स्थित अपने पति के घर में एक महिला का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका के मायके वालों ने पति, उसकी कथित प्रेमिका और सास-ससुर पर सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतका की पहचान सविता तेवतिया (37) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सविता की शादी करीब 18 साल पहले उत्तर प्रदेश के जेवर के नगला गांव के रहने वाले संदीप से हुई थी।
शादी के बाद से ही यह परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-7 में रह रहा था। सविता और उसका पति घर पर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। उनके दो बच्चे हैं।
मृतका के परिवार का आरोप है कि संदीप का कोचिंग क्लास में आने वाली एक छात्रा के साथ अवैध संबंध था। उन्होंने बताया कि जब यह संबंध शुरू हुआ तब वह छात्रा नाबालिग थी और समय के साथ दोनों का रिश्ता और गहरा होता गया।
परिवार के अनुसार, इस बात को लेकर सविता और संदीप के बीच कई बार विवाद हुआ था, लेकिन संदीप ने कथित तौर पर इस रिश्ते को खत्म नहीं किया। उन्होंने बताया कि संदीप की कथित प्रेमिका अब एक निजी कंपनी में काम करती है।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि सविता की मौत अस्वाभाविक है और उसके पति, उसकी प्रेमिका तथा ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही संदीप फरार है। भाई ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर, मृतका के ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के दिन वह, उनकी पत्नी और उनका बेटा संदीप एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेवर गए हुए थे। घर पर निर्माण कार्य चल रहा था और एक मजदूर काम कर रहा था, इसलिए सविता घर पर अकेली थी। उन्होंने दिन में दो बार सविता से फोन पर बात भी की थी।
ससुर के मुताबिक, कुछ घंटे बाद एक मजदूर ने फोन कर बताया कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है। इसके बाद उन्होंने एक पड़ोसी को घर जाने के लिए कहा। पड़ोसी जब वहां पहुंचा तो उसने सविता का शव फंदे से लटका हुआ पाया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के परिवार की शिकायत के आधार पर पति, उसके माता-पिता और उसकी कथित प्रेमिका के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जांच अधिकारी उप-निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा, ‘हम मामले की जांच कर रहे हैं और तथ्यों की पुष्टि करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।’
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


