महिला आयोग ने पंजाब में बच्ची से दुष्कर्म मामले में रिपोर्ट तलब की
महिला आयोग ने पंजाब में बच्ची से दुष्कर्म मामले में रिपोर्ट तलब की
नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग ने पंजाब के होशियारपुर में 11 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
इस मामले में 52 वर्षीय सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार किया गया है।
आयोग ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके कल्याण की जिम्मेदारी संभालने वाले एक शिक्षक द्वारा कथित अपराध ‘‘बेहद चिंताजनक’’ है और इसमें ‘‘सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई’’ की जरूरत है।
महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि मामले की शीघ्र जांच कराई जाए, बाल यौन अपराध विरोधी पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने के साथ आरोपी के खिलाफ पहले की किसी शिकायत की भी जांच हो।
आयोग ने संस्थागत और प्रशासनिक स्तर पर हुई किसी चूक की भी जांच करने को कहा है।
उसने बच्ची को विशेष चिकित्सा एवं मनोवैज्ञानिक सहायता, कानूनी मदद, उसकी पहचान और निजता की सुरक्षा तथा जल्द मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है।
आयोग ने कहा कि इस मामले में सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है।
पुलिस ने बताया कि 52 वर्षीय सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को पिछले महीने 11 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 अगस्त को दोपहर करीब डेढ़ बजे से ढाई बजे के बीच एक गांव के श्मशान घाट के पास हुई।
बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश

Facebook


