मानसून सत्र में पारित होंगे महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी विधेयक: अठावले

Ads

मानसून सत्र में पारित होंगे महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी विधेयक: अठावले

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 12:18 AM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 12:18 AM IST

हैदराबाद, 15 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बुधवार को विश्वास जताया कि संसद के आगामी मानसून सत्र के दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयक पारित हो जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पिछले संसद सत्र में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विरोध के कारण ये संविधान संशोधन विधेयक गिर गए थे। उन्होंने कहा कि लेकिन अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास स्पष्ट बहुमत है और आगामी सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद महिलाओं को 2029 के लोकसभा चुनाव में आरक्षण का लाभ मिलेगा।

अठावले ने कहा, ‘परिसीमन हर 30 से 35 साल में किया जाता है और यह बेहद जरूरी भी है।’

भाजपा की सहयोगी पार्टी ‘रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले)’ के प्रमुख और महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) के कुछ सदस्यों द्वारा राजग को समर्थन देने तथा द्रमुक के कांग्रेस से अलग होने के बाद इन विधेयकों के पारित होने की पूरी उम्मीद है।

उन्होंने दावा किया, ‘हमारे पास दो-तिहाई बहुमत है, इसलिए दोनों विधेयक आसानी से पारित हो जाएंगे।’

उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से भी इन विधेयकों को पारित कराने में अपना सहयोग देने की अपील की।

भाषा सुमित वैभव

वैभव