महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: आरजी कर पीड़िता की मां

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: आरजी कर पीड़िता की मां

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: आरजी कर पीड़िता की मां
Modified Date: April 29, 2026 / 01:31 pm IST
Published Date: April 29, 2026 1:31 pm IST

कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पानीहाटी सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार एवं आरजी कर बलात्कार-हत्या मामले की पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ ने उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर में मतदान किया और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि लोग बदलाव के लिए मतदान करेंगे और राज्य को तृणमूल कांग्रेस के “कुशासन” से मुक्त कराएंगे।

देवनाथ ने संवाददाताओं से कहा, “राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने में टीएमसी विफल रही है। आरजी कर मामले में अब तक केवल एक ही गिरफ्तारी हुई है। जिस स्थान को अस्पताल में बेहद सुरक्षित माना जाता था, वहां आरोपी कैसे पहुंच गया?”

कोलकाता के सरकारी आर जी कर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में 9 अगस्त 2024 को एक युवा डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना ने देशभर में आक्रोश पैदा किया था। घटना के करीब 20 महीने बाद अब यह पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य में भी प्रमुख मुद्दा बन गया है।

उन्होंने कहा, “मेरी बेटी के अलावा, पश्चिम बंगाल में टीएमसी शासन के दौरान सैकड़ों महिलाएं अत्याचार का सामना कर रही हैं। मेरी प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा है।”

उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि “हमें यह सुनिश्चित करना है कि एक भी वोट व्यर्थ न जाए।”

भाजपा उम्मीदवार ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इस जघन्य अपराध को दबाने की कोशिश की।

पानीहाटी सीट पर उनका मुकाबला टीएमसी विधायक निर्मल घोष के पुत्र तीर्थांकर घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कलातन दासगुप्ता से है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।

इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। मतगणना चार मई को होगी।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में