नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि विश्व वन्यजीव दिवस पृथ्वी को समृद्ध बनाने वाली और विश्व के पारिस्थितिक तंत्रों को बनाए रखने वाली अद्भुत जीव विविधता का जश्न मनाने का दिन है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह दिन उन सभी लोगों की सराहना करने का अवसर है जो वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम संरक्षण, सतत उपायों और जीव स्थलों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं ताकि हमारे वन्यजीव फलते-फूलते रहें।’’
मोदी ने यह भी उल्लेख किया कि भारतीय शास्त्रों में सभी जीवों के कल्याण की कामना की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘उनसे हमें वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ उनके प्रति संवेदनशील होने की प्रेरणा भी मिलती है।’’
बीस दिसंबर 2013 को, संयुक्त राष्ट्र महासभा के 68वें सत्र ने विश्व के वन्य जीव-जंतुओं और वनस्पतियों के संरक्षण और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए तीन मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस के रूप में घोषित करने का निर्णय लिया। तब से हर साल तीन मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस मनाया जाता है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा